
आसनसोल : पश्चिम बर्दवान ज़िले के सालानपुर थाना अंतर्गत कालिपाथर क्षेत्र में मंगलवार प्रातः एक गौ-व्यापारी के अपहरण की घटना से सम्पूर्ण क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्राप्त सूचना के अनुसार, 53 वर्षीय शमसुल अंसारी नामक गौ-व्यवसायी, जो कालिपाथर से धांगुड़ी होते हुए मेहिजाम की ओर जा रहे थे, उसी दौरान धांगुड़ी इलाके से उनका अपहरण कर लिया गया।

परिजनों के अनुसार, अपहरणकर्ताओं ने व्यापारी के मोबाइल फोन से परिजनों को संपर्क कर फिरौती की माँग की, जिससे उनके परिवारजन अत्यंत भयभीत हो उठे। घटना की जानकारी मिलते ही सालानपुर थाना पुलिस तत्परता से हरकत में आई और मामले की छानबीन आरम्भ करते हुए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी शुरू की।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, त्वरित कार्रवाई के फलस्वरूप अपहृत व्यापारी को सुरक्षित अवस्था में बरामद कर लिया गया है। साथ ही, इस अपराध में संलिप्त तीन अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

अपहरण की इस दुस्साहसिक घटना के बाद रूपनारायणपुर पुलिस फाड़ी में तीव्र जनाक्रोश देखने को मिला। आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने आरोपियों को लाए गए वाहन पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया तथा पुलिस वाहन को घेरकर उग्र विरोध प्रदर्शन किया। यहाँ तक कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस फाड़ी का मुख्य द्वार भी बंद कर दिया, जिससे पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।
हालांकि, पुलिस ने सूझबूझ के साथ परिस्थिति को संभालते हुए जनाक्रोश को शांत करने का प्रयास किया और लोगों को आश्वस्त किया कि कानून के तहत आरोपियों को कठोर दंड दिलाया जाएगा।

इस घटना ने जहाँ एक ओर आम जनता के मन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है, वहीं पुलिस की तत्परता से अपहृत व्यक्ति की सकुशल वापसी ने राहत की सांस भी दी है। फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस अपहरण के पीछे की मंशा और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है।















Users Today : 0
Users Yesterday : 23