
अंडाल : पश्चिम बंगाल के अंडाल क्षेत्र स्थित श्रीरामपुर बालू घाट पर उस समय तनाव फैल गया जब भाजपा कार्यकर्ताओं और बालू कारोबारियों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद झड़प की स्थिति उत्पन्न हो गई। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि घाट से अवैध तरीके से बालू की ढुलाई की जा रही है और बिना वैध चालान के वाहन बेरोकटोक संचालन कर रहे हैं।

भाजपा अंडाल मंडल अध्यक्ष राखाल चंद्र दास के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की टीम घाट पर पहुंची और वहां खनन गतिविधियों की जांच शुरू की। उन्होंने आरोप लगाया कि बालू से लदे वाहनों के पास न तो वैध दस्तावेज हैं और न ही चालान। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे अवैध कार्य में पुलिस और अन्य स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत है, जिन्हें नियमित रूप से रिश्वत दी जा रही है।

भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जब चालान दिखाने की मांग की गई, तो बालू घाट पर मौजूद कुछ लोग बहाने बनाकर वहां से निकलने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई और बात धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। हालात बिगड़ते देख स्थानीय लोगों ने अंडाल थाना पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के बाद सभी संबंधित पक्षों से बयान लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह समस्या लंबे समय से चल रही है और शासन-प्रशासन की अनदेखी से अवैध खनन का यह कारोबार दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।














Users Today : 23
Users Yesterday : 26