
कुल्टी : नियामतपुर पुलिस फाड़ी ने गुरुवार देर रात कुल्टी थाना क्षेत्र के दिशा यौनपल्ली में चल रहे दलाल गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सब इंस्पेक्टर मिलन भुई के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिंटू रुईदास, राहुल शेख और मुकेश कुमार पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये तीनों आरोपी कुख्यात लाला-शाहरुख गैंग से जुड़े हैं। पुलिस ने गिरोह के सरगनाओं लाला और शाहरुख सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी अभियान तेज कर दिया है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब झारखंड के जमशेदपुर से चार युवक आसनसोल घूमने आए और दिशा यौनपल्ली में गैंग का शिकार बन गए। जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार एक युवक—जो लाला-शाहरुख गैंग का सदस्य बताया जा रहा है—ने चारों युवकों की कार को ओवरटेक कर रोका और उन्हें कम कीमत में भोजन, ठहरने और अन्य सुविधाओं का झांसा देकर उनकी कार को पास के पार्किंग में बंद करा दिया। इसके बाद उन्हें दिशा यौनपल्ली के एक कमरे में ले जाया गया।

कमरे में पहले से मौजूद लाला और शाहरुख ने उन्हें शराब, स्नैक्स और सिगरेट दी और फिर दो युवतियों के साथ “मस्ती” का प्रस्ताव रखा। जब युवकों ने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया और बिल मांगा, तो उन्हें 70 हजार रुपये का बिल थमा दिया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और चारों युवकों की बेरहमी से पिटाई की। उनका मोबाइल छीन लिया गया और मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से करीब 60 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए गए। इसके अलावा, कार से भी 60 हजार रुपये नकद लूट लिए गए।

घटना के बाद किसी तरह जान बचाकर निकले चारों युवक नियामतपुर पुलिस फाड़ी पहुंचे और पूरी जानकारी दी। शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू हो चुकी है।

पुलिस अब लाला, शाहरुख और उनके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई को यौनपल्ली में चल रही अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।














Users Today : 23
Users Yesterday : 26