
आसनसोल : तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता और राज्य सचिव वी. शिवदासन दासु ने अपनी ही पार्टी के नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए तीखा संदेश जारी किया है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक पोस्ट में दासु ने जिले के जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता और आत्मप्रचार की प्रवृत्ति पर खुलकर नाराजगी जताई।

दासु ने शुरुआत में रामनवमी के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए आसनसोल और पश्चिम बर्दवान जिले की जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों की भागीदारी से यह पर्व सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ, जबकि विपक्षी दलों ने अशांति फैलाने और अफवाहें फैलाने की भरपूर कोशिश की, जिसे जनता ने सिरे से नकार दिया।

इसके बाद दासु ने सीधे तौर पर टीएमसी नेताओं और जनप्रतिनिधियों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जब भाजपा, कांग्रेस और माकपा जैसे विपक्षी दल लगातार ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं, तब जिले के टीएमसी प्रतिनिधि पूरी तरह मौन हैं। दासु ने स्पष्ट किया कि एक साधारण कार्यकर्ता की भूमिका सीमित हो सकती है, लेकिन जनप्रतिनिधियों को जवाब देने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

उन्होंने कुछ नेताओं पर सोशल मीडिया के जरिये अपनी छवि चमकाने और पैसे देकर अपनी पोस्ट्स पर लाइक-कमेंट्स बढ़वाने का आरोप लगाया। दासु ने कहा कि ऐसे नेता ममता बनर्जी की योजनाओं के प्रचार-प्रसार से दूरी बनाए रखते हैं और केवल खुद को केंद्र में रखने की कोशिश करते हैं। उन्होंने चेताया कि पार्टी और नेतृत्व के बिना इन नेताओं की कोई पहचान नहीं है।

दासु ने पूर्व टीएमसी नेता का उदाहरण देते हुए कहा कि जो नेता पार्टी से ऊपर खुद को समझते हैं, वे अंततः हाशिए पर चले जाते हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि सोशल मीडिया पर नेता नहीं बनते, इसके लिए जमीनी स्तर पर मेहनत करनी होती है।
अपने बयान के अंत में दासु ने कहा, “मैं जो कुछ भी हूं, वह केवल ममता बनर्जी के आशीर्वाद से हूं, न कि जिले के किसी नेता की कृपा से।” उनके इस बयान से टीएमसी के भीतर हलचल मच गई है और अब सबकी निगाहें पार्टी नेतृत्व की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।














Users Today : 23
Users Yesterday : 26