
आसनसोल : शहर के मोहीशीला क्षेत्र स्थित सिमुलतला पार्क इन दिनों असामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है, जिससे आसपास के शैक्षणिक और धार्मिक वातावरण पर गहरा प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय सुरजो नारायण बनी स्मृति विद्यालय के प्रधानाध्यापक तुषार कांति धीवर ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि पार्क में दिन-रात नशाखोरी, तंबाकू सेवन और अन्य अवैध गतिविधियों का बोलबाला है। इससे न केवल विद्यालय के विद्यार्थियों की शिक्षा पर असर पड़ रहा है, बल्कि अभिभावकों में भी चिंता व्याप्त है।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए विद्यालय के शिक्षक, स्थानीय नागरिक और वार्ड संख्या 85 की पार्षद कल्याणी राय ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय से भेंट कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने मेयर से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मंदिर और विद्यालय के समीप इस प्रकार के तत्वों की उपस्थिति सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

पार्षद कल्याणी राय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक तत्वों की सक्रियता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस विषय में स्थानीय थाना में भी विधिवत शिकायत दर्ज कराई जा रही है, ताकि पुलिस प्रशासन तत्परता से कार्रवाई करते हुए क्षेत्र को सुरक्षित बनाए।

मेयर बिधान उपाध्याय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इस मामले को प्राथमिकता पर लिया जाएगा और जल्द ही पार्क में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने हेतु प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही पार्क की निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सुरक्षा बल की तैनाती पर भी विचार किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि इस संवेदनशील मुद्दे पर कठोर कार्रवाई कर क्षेत्र की शांति और मर्यादा को पुनः बहाल किया जाए।















Users Today : 23
Users Yesterday : 26