
अंडाल : आसनसोल रेल मंडल अंतर्गत उखड़ा के शंकरपुर रेलगेट के समीप रेलवे की जमीन पर रविवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। रेलवे प्रशासन द्वारा संचालित इस कार्रवाई के तहत रेलवे लाइन के दोनों ओर 30 मीटर की परिधि में बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान एक क्लब हाउस सहित कुल 9 से 10 निर्माणों को हटाया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अभियान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष नवंबर में रेलवे ने इस क्षेत्र में बसे लोगों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने के निर्देश दिए थे। उन्हें 5 फरवरी तक स्वेच्छा से कब्जा हटाने की समय-सीमा दी गई थी। परंतु जब अगले दिन रेलवे अतिक्रमण हटाने पहुँचा, तो स्थानीय विरोध के कारण उन्हें कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।

इसके बाद रेलवे अधिकारियों, अतिक्रमणकारियों और स्थानीय प्रशासन के बीच कई बैठकें हुईं। इन बैठकों में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि पूर्ण अतिक्रमण न हटाकर फिलहाल रेलवे ट्रैक से 30 मीटर तक की सीमा में आए अवैध निर्माणों को हटाया जाएगा। इसी निर्णय के अनुरूप रविवार को शंकरपुर से लेकर बाकोला रेलगेट तक कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान बुलडोजर की सहायता से अवैध निर्माणों को तोड़ा गया। अंडाल लाइन पोस्ट के आरपीएफ इंस्पेक्टर विभूतिभूषण शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या विरोध नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने भी रेलवे को पूरा सहयोग प्रदान किया।


मौके पर तृणमूल कांग्रेस के अंचल अध्यक्ष शरण साहगल, पूर्व उपप्रधान राजू मुखोपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। शरण साहगल ने कहा कि विस्थापित लोगों के पुनर्वास की मांग की जाएगी। उन्होंने सुझाव दिया कि रेलवे लाइन के समीप ईसीएल की खाली पड़ी जमीन पर इन लोगों को पुनः बसाने की पहल की जाए।
रेलवे द्वारा भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमण हटाओ अभियानों को जारी रखने के संकेत दिए गए हैं।














Users Today : 23
Users Yesterday : 26