

दुर्गापुर : पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर से सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक पूर्व रेलवे कर्मचारी बादल लस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फेसबुक पर लिखा था, “इसके बाद दीदी की गाड़ी पर हमला होगा, ज्यादा देर नहीं है।” इस टिप्पणी के वायरल होते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई।
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने सोशल मीडिया पर पलटवार करते हुए लिखा, “कौन है यह बादल? इसे खोजकर कानूनी कार्रवाई की जाए।” इसके तुरंत बाद दुर्गापुर कोर्ट के अधिवक्ता सुदीप देबनाथ ने दुर्गापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत में कहा गया कि, “इस तरह की उत्तेजक टिप्पणी मुख्यमंत्री की गरिमा और सुरक्षा पर हमला है। इससे असामाजिक तत्वों को प्रोत्साहन मिल सकता है और किसी भी समय राज्य में मुख्यमंत्री पर हमला किया जा सकता है।” शिकायत में आरोपी के खिलाफ तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रविवार रात डीएसपी टाउनशिप के अशोक एवेन्यू इलाके से बादल लस्कर को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को आरोपी को दुर्गापुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। उस पर भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 152, 356 और 196(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस घटना को लेकर भाजपा विधायक लक्ष्मण घोड़ुई ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “मुख्यमंत्री के बयानों की वजह से ही जनता प्रतिक्रिया दे रही है। अगर गिरफ्तारी नहीं रोकी गई तो भाजपा सड़कों पर उतरेगी।”

वहीं, पंचायत मंत्री प्रदीप मजूमदार ने कहा, “यह स्तब्ध करने वाली घटना है। ऐसे भड़काऊ बयान लोकतंत्र के लिए खतरा हैं और प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।”














Users Today : 20
Users Yesterday : 26