

आसनसोल : बंगाल की गौरवशाली धार्मिक परंपराओं में से एक हरिनाम संकीर्तन उत्सव को लेकर आसनसोल के विभिन्न हरि मंदिरों में विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। वैशाख माह की शुरुआत के साथ ही राज्य भर में कीर्तन मंडलियां हरिनाम संकीर्तन में लीन हो जाती हैं। इसी क्रम में राज्य के कानून एवं श्रम मंत्री मलय घटक ने शनिवार को कल्ला स्थित दुर्गा मंदिर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर मंत्री मलय घटक द्वारा कल्ला, बागबंदी, गारुई, कन्यापुर सहित अन्य क्षेत्रों से आईं कीर्तन मंडलियों को कीर्तन के वाद्य यंत्रों – मृदंग, करताल, झाल आदि सामग्री प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि यह बंगाल की अत्यंत समृद्ध परंपरा है, जिसे आगे बढ़ाने और संरक्षित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने कीर्तन मंडलियों को ढोलक, मृदंग जैसे वाद्ययंत्र भेंट कर उनके उत्साह को और प्रोत्साहित किया।

बोरो चेयरमैन उत्पल सिन्हा ने बताया कि वैशाख माह में हरिनाम संकीर्तन बंगाल की सांस्कृतिक पहचान है। मंत्री मलय घटक की उपस्थिति और सहयोग से यह परंपरा और भी मजबूत होगी। इस अवसर पर उन्होंने मंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे स्थानीय कलाकारों और धार्मिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी।

इस कार्यक्रम में पूर्व पार्षद नरेंद्रनाथ मुर्मू, तृणमूल छात्र परिषद के जिला अध्यक्ष अभिनव मुखर्जी, तृणमूल नेता गौर घोष, किशन बाउरी, रंजीत मंडल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर संकीर्तन मंडलियों ने मंगलाचरण प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।















Users Today : 20
Users Yesterday : 26