

आसनसोल : साउथ बंगाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एसबीसीसीआई) का एक प्रतिनिधिमंडल आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय से मिला और शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में फोस्बेक्की के पेट्रोन राजेंद्र प्रसाद खेतान, पवन गुटगुटिया, एसबीसीसीआई के अध्यक्ष सचिन राय, महासचिव संदीप झुनझुनवाला सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।

चैंबर की ओर से मेयर को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि कोलकाता के बाद आसनसोल राज्य का दूसरा सबसे बड़ा करदाता शहर है, इसके बावजूद विकास की दृष्टि से यह शहर अब भी उपेक्षित है। अध्यक्ष सचिन राय ने विशेष रूप से शहर में यातायात की विकराल होती समस्या की ओर ध्यान दिलाते हुए ओवरब्रिज के निर्माण की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कई प्रमुख चौराहों और रेलवे फाटकों पर रोजाना घंटों लंबा जाम लगना आम बात हो गई है, जिससे न केवल आमजन प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि औद्योगिक गतिविधियां भी बाधित हो रही हैं।

इसके अलावा, श्री राय ने आसनसोल में हवाई अड्डे की स्थापना की भी जोरदार मांग की। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र औद्योगिक रूप से समृद्ध है और एक एयरपोर्ट की मौजूदगी व्यापार और निवेश को नई ऊंचाई पर ले जा सकती है। महासचिव संदीप झुनझुनवाला ने उद्योगों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं और इनके शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।

मेयर विधान उपाध्याय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि नगर निगम इन सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज निर्माण, एयरपोर्ट की स्थापना और उद्योगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता में शामिल है। मेयर ने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम, उद्यमियों और आम जनता के हित में सभी जरूरी कदम उठाने को प्रतिबद्ध है।

बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने मेयर के सकारात्मक रवैये की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि आसनसोल के विकास से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र ही ठोस पहल की जाएगी।














Users Today : 20
Users Yesterday : 26