

बराकर : बराकर चैंबर ऑफ कॉमर्स के सभागार में एक महत्त्वपूर्ण बैठक का आयोजन चैंबर अध्यक्ष शिव कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। इस विशेष सभा में स्थानीय श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों सहित वरिष्ठ श्रमिक नेता महेश वर्मा तथा विभीषण अपने सहयोगी श्रमिकों के साथ सम्मिलित हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारिक गतिविधियों में व्यवधान उत्पन्न कर रहे श्रमिकों के अनैतिक आचरण पर विमर्श कर उसका समाधान निकालना था।
सभा में यह तथ्य सामने आया कि कुछ श्रमिकों द्वारा कार्यस्थल पर नशीले पदार्थों का सेवन कर कार्य में लापरवाही बरती जा रही है, जिससे व्यापारियों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इस विषय पर विचार-विमर्श उपरांत श्रमिक नेता विभीषण एवं उनके साथियों ने अपने दोष को स्वीकारते हुए भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति नहीं करने का संकल्प लिया। सभा में सामूहिक रूप से यह निर्णय लिया गया कि कार्य के दौरान नशीले पदार्थों का सेवन पूर्णतया वर्जित रहेगा।

अध्यक्ष शिव कुमार अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन कार्यस्थल की गरिमा को ठेस पहुंचाने के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत घातक सिद्ध हो सकता है। विशेषकर जब भारी सामग्री का लदान-ढुलाई ट्रकों द्वारा किया जाता है, तब नशे की अवस्था में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में स्वयं श्रमिकों की सुरक्षा के साथ-साथ व्यापारियों एवं ग्राहकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।

सभा में सम्मिलित सभी पक्षों ने इस निर्णय का समर्थन करते हुए इसे व्यापारिक एवं सामाजिक दृष्टिकोण से अत्यंत आवश्यक बताया। समापन के समय सभी उपस्थितजनों ने शपथ ली कि भविष्य में संयमित आचरण एवं मर्यादित कार्य प्रणाली को अपनाकर व्यवसायिक परिवेश को स्वच्छ एवं अनुशासित बनाए रखने का सतत प्रयास किया जाएगा। सभा सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और सभी उपस्थितजन संतुष्ट दिखाई दिए।















Users Today : 19
Users Yesterday : 26