
पांडवेश्वर : पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मधाईगंज में “कल्चरल एंड लिटरेरी फोरम ऑफ बंगाल” के तत्वावधान में आयोजित चारापोना उत्सव ने बंगाली नववर्ष ‘पहला बैशाख’ के पावन अवसर पर सांस्कृतिक रंग में रंगे वातावरण की सौगंध को और सजीव कर दिया। इस आयोजन में क्षेत्रीय जनता ने भारी संख्या में उपस्थित होकर पारंपरिक बंगाली खानपान और सांस्कृतिक विरासत के प्रति अपनी गहरी आस्था को प्रकट किया।

इस उत्सव की अगुवाई संस्था के अध्यक्ष एवं पांडवेश्वर के पूर्व विधायक जितेंद्र तिवारी ने स्वयं की। उन्होंने न केवल आयोजन की देखरेख की, बल्कि व्यक्तिगत रूप से उपस्थित जनसमुदाय को चारा पोना मछली और भात परोसकर बंगाली परंपरा के आतिथ्य भाव का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया। इस भावपूर्ण दृश्य से उत्सव स्थल पर उल्लास और आत्मीयता का वातावरण बना रहा।

पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी ने कार्यक्रम के दौरान राज्य शासन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार राज्य को अराजकता की ओर ढकेल रही है। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि “अब स्थिति इस हद तक पहुंच चुकी है कि लोगों को मछली-भात का पारंपरिक भोजन भी पुलिस की निगरानी में करना पड़ रहा है। चार पुलिस वाहनों की तैनाती के बीच शांति से भोजन कराना किसी लोकतांत्रिक राज्य की पहचान नहीं हो सकती।”

उन्होंने चेताया कि अगर यह शासन व्यवस्था यूं ही चलती रही, तो भविष्य में हर छोटे-बड़े सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजन में भी सरकारी पहरे की आवश्यकता पड़ेगी। तिवारी ने जोर देकर कहा कि यदि राज्य की तस्वीर बदलनी है, तो तृणमूल सरकार को हटाना अनिवार्य है।

यह आयोजन बंगाली नववर्ष के स्वागत के साथ-साथ, जनमानस की सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने और लोकतांत्रिक चिंतन के पुनरावलोकन का प्रतीक बनकर उभरा।














Users Today : 19
Users Yesterday : 26