

आसनसोल : पूर्व रेलवे के रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु चलाया गया विशेष अभियान “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” उल्लेखनीय सफलताओं के साथ संपन्न हुआ। 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक के वित्तीय वर्ष के दौरान आरपीएफ द्वारा की गई सतत निगरानी एवं समन्वित कार्यवाही के फलस्वरूप कुल 426 आपराधिक तत्वों को धर दबोचा गया।
इस विशेष अभियान का मूल उद्देश्य पूर्व रेलवे के सम्पूर्ण नेटवर्क में यात्रियों को अपराधियों के चंगुल से मुक्त रखना था। इसके अंतर्गत रेलवे स्टेशन परिसरों एवं ट्रेनों में गहन गश्त, छापेमारी एवं खुफिया निगरानी की गई। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप चोरी, झपटमारी, डकैती, लूट, नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट, जेबकट्टी तथा महिला यात्रियों के विरुद्ध अपराधों में संलिप्त अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार किए गए सभी अपराधियों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) एवं अन्य संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सुपुर्द कर दिया गया।

पूर्व रेलवे प्रशासन ने इस अभियान की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए आरपीएफ के समर्पण, सतर्कता एवं अनुशासन की सराहना की है। यह भी स्पष्ट किया गया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं विश्वास को बनाए रखना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

पूर्व रेलवे निरंतर यह प्रयास कर रहा है कि हर यात्री का रेल यात्रा अनुभव न केवल सुरक्षित, बल्कि सहज एवं निर्भय भी हो। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु आरपीएफ की सक्रियता भविष्य में और भी अधिक सशक्त रूप में जारी रहेगी।














Users Today : 18
Users Yesterday : 26