

बर्नपुर। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के प्रवर्तन शाखा (एनफोर्समेंट ब्रांच) द्वारा बर्नपुर के हीरापुर क्षेत्र में नकली नमक की अवैध बिक्री के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया गया।

एनफोर्समेंट ब्रांच के एक उच्च अधिकारी ने जानकारी दी कि उन्हें यह गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि एक विख्यात कंपनी के ब्रांड नाम का नकली नमक तैयार कर बाज़ार में धड़ल्ले से बेचा जा रहा है, जिससे न केवल उपभोक्ताओं की सेहत को खतरा उत्पन्न हो रहा है, बल्कि ब्रांड की प्रतिष्ठा को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व कुल्टी क्षेत्र में भी इसी प्रकार की कार्रवाई अंजाम दी गई थी, और उसी कड़ी में हीरापुर में यह विशेष रेड की गई। अधिकारी ने बताया कि यह अभियान व्यापक जाँच प्रक्रिया का एक हिस्सा है, जिसके अंतर्गत कई संदिग्ध दुकानों और गोदामों की तलाशी ली गई।

स्थानीय दुकानदारों से संवाद करने पर उन्होंने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि कुछ सादा वेशधारी अधिकारी उनकी दुकानों में आए, नमक के कई पैकेट जब्त किए और सीज़र सूची सौंपकर चले गए। दुकानदारों के अनुसार, जब्त किए गए नमक की प्रयोगशाला में जांच की जाएगी, और यदि उत्पाद मूल और सुरक्षित पाए जाते हैं, तो उन्हें लौटा दिया जाएगा।

सूत्रों की मानें तो बाज़ार में टाटा नमक के नाम पर नकली उत्पाद धड़ल्ले से बिक रहे हैं, जिससे जन स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
प्रवर्तन शाखा की यह सक्रियता उपभोक्ताओं की सुरक्षा एवं बाजार में प्रामाणिकता सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रशंसनीय पहल मानी जा रही है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे संदिग्ध उत्पादों की जानकारी संबंधित विभाग को तत्काल दें, ताकि ऐसी अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके।














Users Today : 18
Users Yesterday : 26