
दुर्गापुर : पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर नगर स्थित डीएसपी टाउनशिप के न्यूटन रोड में बुधवार को एक भीषण विस्फोट की घटना से समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। 17 नंबर स्ट्रीट स्थित एक कच्चे मकान में हुए इस विस्फोट में सजल देवनाथ (30) नामक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय अचानक जोरदार धमाका सुनाई दिया। आस-पास के निवासी घटनास्थल की ओर दौड़े और देखा कि सजल आग की लपटों में घिरा है और कराह रहा है। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। दुर्गापुर थाना की पुलिस बल ने स्थानीय नागरिकों की मदद से झुलसे युवक को पहले इस्पात अस्पताल, फिर शिभापुर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज और अंततः दुर्गापुर महकुमा अस्पताल में भर्ती कराया।

स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता राजीव घोष ने बताया, “प्रारंभ में हमें सूचना मिली कि इनवर्टर फटने से यह हादसा हुआ, परंतु घटनास्थल पर बारूद जैसे पदार्थ मिलने से स्पष्ट है कि यह बम या बारूदी पदार्थ से संबंधित विस्फोट था।”

इधर, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के एसीपी (दुर्गापुर) सुबीर राय ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि सजल बारूद जैसे किसी रसायन की जांच कर रहा था, तभी किसी प्रकार से आग लग गई और वह बुरी तरह झुलस गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। घटनास्थल को सील कर दिया गया है और बम निरोधक दस्ता तैनात कर दिया गया है।”

पुलिस द्वारा इस संदिग्ध घटना की जांच प्रारंभ कर दी गई है। विस्फोट का कारण एवं उसमें प्रयुक्त सामग्री की सघन जांच की जा रही है। इस घटना से न्यूटन रोड एवं आसपास के क्षेत्रों में भय एवं असुरक्षा का वातावरण व्याप्त हो गया है।














Users Today : 17
Users Yesterday : 26