

पांडवेश्वर : क्षेत्रीय जनता के भूमि अधिकारों की रक्षा के लिए पांडवेश्वर अंतर्गत जोयालभांगा ग्राम के निवासियों ने एकजुट होकर संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है। इस विषय को लेकर क्षेत्र के पूर्व विधायक जितेंद्र तिवारी ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर एक वीडियो साझा करते हुए स्थानीय जनजागरण की सराहना की है।
उन्होंने अपने संदेश में लिखा, “यह देखकर अच्छा लग रहा है कि पांडवेश्वर के जोयालभांगा गांव के लोग अपनी भूमि की रक्षा हेतु एकजुट हो रहे हैं। ग्रामवासी अब स्थानीय विधायक की लाल आंखों की अनदेखी करने लगे हैं।”

उल्लेखनीय है कि AMPL कंपनी द्वारा भूमि अधिग्रहण को लेकर लंबे समय से स्थानीय जनों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि वे अपने पुरखों की भूमि किसी भी स्थिति में नहीं छोड़ेंगे। वर्षों से जिस भूमि पर उनकी आजीविका निर्भर रही है, उसे वे किसी निजी कंपनी के हवाले नहीं करना चाहते।
ग्रामीणों ने हाल के दिनों में कई बार पंचायत व प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्तियाँ रखी हैं, परंतु अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। इस कारण उन्होंने सामूहिक प्रतिरोध का मार्ग अपनाया है।

पूर्व विधायक जितेंद्र तिवारी ने भी इस जनांदोलन को जन-संवेदना की पुकार बताते हुए कहा कि यदि सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि जनभावनाओं की अनदेखी करेंगे, तो जनता स्वयं नेतृत्व करेगी और अपनी ज़मीन की हिफाज़त करेगी।
जोयालभांगा में जनाक्रोश दिन-ब-दिन तीव्र होता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि चाहे उन्हें पुलिस या प्रशासनिक दमन का सामना करना पड़े, वे अपनी भूमि नहीं छोड़ेंगे।

इस घटनाक्रम से स्पष्ट है कि पांडवेश्वर में भूमि अधिकार को लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक सरगर्मियाँ तेज़ होती जा रही हैं। भविष्य में यह आंदोलन और अधिक व्यापक स्वरूप ले सकता है।














Users Today : 15
Users Yesterday : 26