आसनसोल : रेलपार क्षेत्र स्थित जहांगीरी मोहल्ला पुलिस फाड़ी पर हुए हमले के मामले में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने मंगलवार को व्यापक कार्रवाई अभियान तेज कर दिया। घटना के बाद से पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और अब तक 28 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फाड़ी पर हमले और तोड़फोड़ की घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस लगातार विभिन्न स्थानों पर माइकिंग कर रही है और लोगों से अपील की जा रही है कि यदि किसी के पास हमलावरों से संबंधित कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। इलाके की दीवारों और सार्वजनिक स्थलों पर नोटिस भी लगाए गए हैं, ताकि फरार आरोपितों की पहचान शीघ्र हो सके।
जहांगीरी मोहल्ला फाड़ी के प्रभारी अंजन मंडल ने कहा कि पुलिस प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख रही है। उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की विशेष टीमें लगातार वीडियो फुटेज, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और स्थानीय सूत्रों के माध्यम से शेष आरोपितों की पहचान में जुटी हुई हैं।
इस मामले पर जानकारी देते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर प्रणव राय ने बताया कि 15 मई को हुई हिंसक घटना के बाद से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक 28 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा शेष आरोपितों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस कमिश्नर ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई गृह विभाग के निर्देशों के अनुरूप की जा रही है और किसी भी प्रकार की अराजकता को सख्ती से नियंत्रित किया जाएगा।
प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि फाड़ी पर हमले के दौरान सरकारी संपत्ति को जो नुकसान पहुंचा है, उसकी भरपाई भी आरोपितों से ही कराई जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाना गंभीर अपराध है और दोषियों से क्षतिपूर्ति राशि तथा जुर्माना दोनों वसूले जाएंगे। इस घोषणा के बाद आरोपितों में चिंता का माहौल देखा जा रहा है।
घटना के बाद रेलपार और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है ताकि किसी प्रकार की अफवाह या तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न न हो। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ कठोर कदम आवश्यक हैं।
उल्लेखनीय है कि 15 मई को कुछ उपद्रवी तत्वों ने जहांगीरी मोहल्ला पुलिस फाड़ी पर हमला कर तोड़फोड़ की थी। घटना के बाद से पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है और मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और गिरफ्तारियां संभव हैं।

















Users Today : 37
Users Yesterday : 40