आसनसोल : आसनसोल में सोमवार को 10 बंगाल बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित इंटर ग्रुप शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का भव्य समापन हुआ। आसनसोल राइफल क्लब में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न एनसीसी ग्रुपों के कैडेटों ने अपनी प्रतिभा और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति तथा खेल भावना का उत्साह देखने को मिला।
यह चैंपियनशिप 18 मई से 27 मई तक आयोजित की गई थी, जिसमें बर्दवान ग्रुप के अंतर्गत आने वाली 10 बंगाल बटालियन एनसीसी ने मेजबानी की। प्रतियोगिता में दार्जिलिंग, कोलकाता-बी, कोलकाता-सी, खड़गपुर, कल्याणी और बर्दवान सहित कुल छह ग्रुपों के कैडेटों ने हिस्सा लिया। कैडेटों ने ओपन साइट और पीप साइट श्रेणियों में भाग लेकर उत्कृष्ट निशानेबाजी कौशल का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में ग्रुप कैप्टन संजय रॉय, बर्दवान ग्रुप एनसीसी के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर के. ए. वशिष्ठ तथा वेस्ट बंगाल शूटिंग एसोसिएशन एवं बंगाल ओलंपिक राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ढाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत 10 बंगाल बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हितार्थ सरैया द्वारा अतिथियों के स्वागत और सम्मान के साथ हुई।

प्रतियोगिता के दौरान कैडेटों ने अनुशासन, एकाग्रता और खेल भावना का परिचय दिया। पीप साइट प्रोन एसडी श्रेणी में बर्दवान ग्रुप के जूनियर अंडर ऑफिसर गौरव नाग ने पहला स्थान प्राप्त किया। इसी श्रेणी में कैडेट ईशा अली दूसरे और कैडेट शाद अली तीसरे स्थान पर रहे।
पीप साइट प्रोन एसडब्ल्यू श्रेणी में कैडेट कुनामी हांसदा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि गरिमा कुमारी दूसरे और ब्यूटी हेम्ब्रम तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं पीप साइट 3पी एसडी श्रेणी में कौशिक कर्मकार ने पहला स्थान प्राप्त किया।

महिला वर्ग की पीप साइट 3पी एसडब्ल्यू श्रेणी में कैडेट तितली हेम्ब्रम विजेता रहीं। इस श्रेणी में श्रावणी मंडल ने दूसरा और नितिशा पांडा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता कैडेटों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
ओवरऑल चैंपियनशिप में बर्दवान ग्रुप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 अंकों और 3457 स्कोर के साथ खिताब अपने नाम किया। कल्याणी ग्रुप दूसरे स्थान पर रहा, जबकि कोलकाता-बी और दार्जिलिंग ग्रुप ने क्रमशः तीसरा और चौथा स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में आसनसोल राइफल क्लब के योगदान की भी विशेष सराहना की गई। आयोजकों ने कहा कि वीरेन्द्र कुमार ढाल के सहयोग और मार्गदर्शन के कारण एनसीसी कैडेटों को वर्षभर अभ्यास का अवसर मिला, जिससे प्रतियोगिता सफलतापूर्वक आयोजित की जा सकी।

समारोह के दौरान चयनित कैडेटों को आगामी आईडीएसएससी कोचिंग कैंप 2026 के लिए भी चुना गया, जहां उन्हें उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में एनसीसी गीत और राष्ट्रीय सलामी ‘जय हिंद’ के साथ समारोह का समापन हुआ। आयोजन में लेफ्टिनेंट कर्नल चंचल बनर्जी, कैप्टन मोहम्मद गजाली खान, सूबेदार मेजर आर. के. डांडे, रणजू बनर्जी, बी. मलांगी, सीटीओ सुबर्णा दास सहित कई अधिकारी, जेसीओ और एनसीओ उपस्थित रहे।

















Users Today : 37
Users Yesterday : 40