

अंडाल : पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर-फरीदपुर प्रखंड के लाउदोहार अंतर्गत माधाईपुर ग्राम में शनिवार को दिनदहाड़े चोरी की एक गंभीर घटना सामने आई है। ग्रामवासियों के अनुसार, हरिनाम संकीर्तन के चतुर्विंशतिप्रहर महोत्सव के अवसर पर जब समस्त ग्रामवासी हरिमंदिर प्रांगण में संकीर्तन श्रवण हेतु एकत्रित थे, उसी समय अपराधियों ने सुनियोजित ढंग से घर में घुसकर सात तोला सोना तथा पचास हजार रुपये नकद की चोरी कर ली।
ग्रामवासी सुषांत घोष ने बताया कि शनिवार को हरिनाम संकीर्तन के कुंज भंग कार्यक्रम के समय, जब वह अपने परिजनों सहित हरिमंदिर प्रांगण में कीर्तन सुनने गए थे, तभी यह दुस्साहसिक चोरी की घटना घटी। सुषांत घोष के कथनानुसार, दोपहर १२:३० से १:३० बजे के मध्य जब वे संकीर्तन से लौटे, तो उन्होंने अपने घर का सारा सामान अव्यवस्थित एवं बिखरा हुआ पाया। अलमारी तोड़कर चोरों ने घर से सात तोला सोना एवं पचास हजार रुपये नगद राशि की चोरी कर ली थी।

सूचना मिलते ही लाउदोहार फरीदपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और अपराध स्थल का निरीक्षण कर तत्काल छानबीन प्रारंभ कर दी है। दिनदहाड़े इस प्रकार चोरी की घटना से माधाईपुर ग्राम में भय एवं असुरक्षा का वातावरण व्याप्त हो गया है।
गौरतलब है कि बीते कुछ समय से खानांचल क्षेत्रों में तालाबंद घरों में चोरियों की घटनाएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं। किन्तु इस प्रकार धार्मिक आयोजन के दौरान समूचे ग्रामवासियों की अनुपस्थिति का लाभ उठाकर चोरी होना अत्यंत चिंताजनक एवं पुलिस-प्रशासन की संवेदनशीलता पर प्रश्नचिह्न अंकित करता है।

पुलिस ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की सूक्ष्मता से जाँच की जा रही है तथा दोषियों को शीघ्र ही पकड़ने हेतु प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामवासियों ने भी रात्रि प्रहरी दल गठित कर स्व-सुरक्षा की मांग उठाई है। समस्त क्षेत्रवासी इस घटनाक्रम से स्तब्ध एवं आक्रोशित हैं।














Users Today : 13
Users Yesterday : 26