

आसनसोल : बरनवाल महिला समिति, आसनसोल के तत्वावधान में रविवार को एनएस रोड स्थित गौशाला के समीप बरनवाल रिलीफ सोसाइटी भवन प्रांगण में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के कानून एवं श्रम मंत्री मलय घटक तथा आसनसोल नगर निगम के उपमहापौर अभिजीत घटक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों गणमान्य अतिथियों का समिति की ओर से भव्य अभिनंदन एवं सम्मान किया गया।

मंत्री मलय घटक ने अपने संबोधन में बरनवाल महिला समिति द्वारा सतत रूप से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए संगठन को समाजहित में एम्बुलेंस प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समिति जिस निष्कलंक सेवा भाव से समाज के वंचित वर्ग के लिए कार्य कर रही है, वह अत्यंत सराहनीय है। मंत्री ने भविष्य में भी हरसंभव सहयोग प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया।

समिति की सचिव बॉबी प्रियदर्शी ने बताया कि बरनवाल महिला समिति विगत वर्षों से रक्तदान शिविर, राहगीरों को शरबत वितरण तथा विविध जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है। उन्होंने कहा कि नेत्र मानव जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है, किंतु आर्थिक रूप से दुर्बल वर्ग के लिए नेत्र जांच कराना कठिन होता है। इसी उद्देश्य से इस निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया है, ताकि निर्धनों को उचित चिकित्सा परामर्श मिल सके।

उन्होंने मंत्री मलय घटक के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके समर्थन से समिति आगामी दिनों में और अधिक विस्तृत रूप से समाजसेवा के कार्यों में संलग्न होगी। कार्यक्रम के दौरान बरनवाल महिला समिति की अध्यक्ष आरती बरनवाल, उपाध्यक्ष बेबी बरनवाल, बरनवाल रिलीफ सोसाइटी के अध्यक्ष विजय बरनवाल (टिब्लू), विजय बरनवाल (बैंक प्रबंधक), दयानंद बरनवाल, अंशु बरनवाल, गणेश बरनवाल, भवानी बरनवाल सहित समिति की समस्त सदस्याएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।














Users Today : 13
Users Yesterday : 26