

आसनसोल : आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के सिमुलतला मोड़ से चक्रवर्ती मोड़ तक मोहिषीला सड़क पर एक ऐतिहासिक एवं भव्य महाजुलूस का आयोजन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा किया गया। यह जुलूस हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार, आतंकवादी हमलों तथा राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के प्रतिकारस्वरूप निकाला गया।
भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल, जिला अध्यक्ष देबतानु भट्टाचार्य सहित अनेकों वरिष्ठ नेताओं तथा सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने इस महाजुलूस में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। सभी प्रतिभागियों ने अपने बाजुओं पर काली पट्टियां बांधकर मौन आक्रोश प्रकट किया एवं ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति के जोश से ओतप्रोत कर दिया।

जुलूस में उमड़ा जनसैलाब देशभक्ति एवं धर्मरक्षा के संकल्प से प्रेरित प्रतीत हो रहा था। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में घोषणा की कि यह जुलूस केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, अपितु एक चेतावनी है कि अब हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार और देशद्रोही गतिविधियां सहन नहीं की जाएंगी। यदि शासन-प्रशासन शीघ्र आवश्यक कार्रवाई नहीं करता, तो आंदोलन को और व्यापक रूप से फैलाया जाएगा।

जुलूस में न केवल भाजपा कार्यकर्ता बल्कि बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता निभाई। सभी ने ‘भारत माता की जय’ तथा ‘जय श्रीराम’ जैसे जयघोष करते हुए तख्तियों एवं बैनरों के माध्यम से अपना समर्थन एवं आक्रोश प्रकट किया।
अग्निमित्रा पाल ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा, “आज षड्यंत्रपूर्वक हिंदुओं की आवाज को दबाने का कुत्सित प्रयास हो रहा है। परंतु हम चुप नहीं बैठेंगे। हमारा संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक अन्याय एवं अत्याचार का समूल नाश नहीं हो जाता।”

भाजपा नेताओं ने यह भी ऐलान किया कि यदि राज्य सरकार हिंदू समाज की सुरक्षा हेतु शीघ्र कठोर कदम नहीं उठाती, तो समूचे पश्चिम बंगाल में जनांदोलन छेड़ा जाएगा। समग्र वातावरण में राष्ट्ररक्षा एवं धर्मरक्षा के प्रति अपार उत्साह, अदम्य साहस और अद्वितीय प्रतिबद्धता का स्पष्ट दर्शन हुआ।














Users Today : 11
Users Yesterday : 26