

आसनसोल : आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत हिरापुर थाना अंतर्गत घटित एक घर में चोरी की घटना की जांच में पुलिस को उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने चोरी के आरोप में एक युवक को गिरफ़्तार कर उसके पास से चुराए गए सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। मामले में गिरफ्तार युवक की पहचान दीपक मिश्रा (उम्र 27 वर्ष), निवासी नेताजी रोड, शांतिनगर, बार्नपुर के रूप में की गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 25 अप्रैल को हिरापुर थाना क्षेत्र के विधानपल्ली इलाके के एक निवासी द्वारा थाना में घर में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके आधार पर बीएनएस की धारा 305 के तहत मामला संख्या 133/25 के तहत मामला दर्ज किया गया।

थाना प्रभारी एसआई तन्मय राय के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई जिसमें एसआई अजीत कुंडू, एसआई अंजन मंडल, एसआई शुभाशीष बंदोपाध्याय, एएसआई मोहम्मद शमीम एवं पीसी पार्टी के पुलिसकर्मी सम्मिलित थे। इस प्रकरण के अन्वेषण अधिकारी (आईओ) के रूप में एसआई लिटन मंडल नियुक्त किए गए।
सूत्रों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई और गुप्त सूचना के आधार पर अगले दिन तड़के सुबह ही दीपक मिश्रा को उसके निवास स्थान से हिरासत में ले लिया गया। पुलिस द्वारा उसे आसनसोल न्यायालय में प्रस्तुत कर चार दिन की रिमांड पर लिया गया।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी दीपक मिश्रा ने स्वीकृति बयान में अपराध स्वीकार किया, जिसके आधार पर चोरी किए गए बहुमूल्य सोने के आभूषण भी पुलिस द्वारा बरामद कर लिए गए। जब्त किए गए आभूषणों को चोरी गए सामान के रूप में पहचान कर लिया गया है।

चार दिवसीय पुलिस रिमांड समाप्त होने पर बुधवार को आरोपी को पुनः आसनसोल अदालत में पेश किया गया। हिरापुर थाना पुलिस द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि चूंकि संपूर्ण चुराए गए सामान बरामद कर लिए गए हैं, अतः अभियुक्त को और अधिक रिमांड पर लेने की आवश्यकता नहीं है, इस कारण कोई अतिरिक्त रिमांड याचिका अदालत में दाखिल नहीं की गई।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई एवं निष्पक्ष जांच से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर लोगों का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने हिरापुर थाना पुलिस के कार्य की सराहना की है।














Users Today : 9
Users Yesterday : 26