

रानीगंज : आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय अंतर्गत रानीगंज थाना ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए जनता के खोये हुए 32 मोबाइल फोनों को उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाकर सामाजिक उत्तरदायित्व और तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक विकास दत्ता ने किया, जिनके मार्गदर्शन में उप-निरीक्षक मोहम्मद परवेज आलम तथा सहायक उप-निरीक्षक प्रीतम पाल ने उल्लेखनीय योगदान दिया।
यह अभियान पाँचवें चरण में संचालित किया गया, जिसमें मोबाइल दूरभाषों की सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से विस्तृत खोज कर उनकी अवस्थिति का पता लगाया गया। इनमें से अधिकांश एंड्रॉयड स्मार्टफोन थे, जिन्हें तकनीकी माध्यमों से ट्रैक किया गया।

बरामद किए गए मोबाइल फोन केवल रानीगंज या वर्धमान क्षेत्र तक सीमित नहीं रहे, बल्कि गुजरात, लखनऊ, बिहार, हरियाणा, मुर्शिदाबाद, कालियाचक, बांकुड़ा, मिदनापुर एवं झारखंड जैसे अन्य राज्यों से संबंधित भी थे। विभिन्न स्थानों से पुनः प्राप्त किए गए इन दूरभाषों को विधिपूर्वक उनके स्वामियों को लौटाया गया।

खोये हुए मोबाइल पुनः प्राप्त कर जनता ने हर्ष और कृतज्ञता प्रकट की। एक नागरिक ने भावुक होते हुए कहा कि अपने पिता को जन्मदिन पर उपहार स्वरूप दिया गया मोबाइल तीन महीने बाद वापिस पाकर उन्हें अपार सुख मिला, और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और भी दृढ़ हुआ।
निरीक्षक बिकास दत्ता ने कहा कि “लंबे समय तक लगातार सीईआईआर पोर्टल की सहायता से गहन खोजबीन के उपरांत इन दूरभाष यंत्रों को पुनः प्राप्त कर सके हैं।” उन्होंने अपने सहकर्मियों के सहयोग की विशेष सराहना की।

यह पहल न केवल तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग का परिचायक है, बल्कि पुलिस प्रशासन की जनसेवा में प्रतिबद्धता और ईमानदारी का भी प्रतीक बन गई है।














Users Today : 9
Users Yesterday : 26