कोलकाता/आसनसोल : दुर्गापूजा की तैयारियों के बीच पश्चिम बंगाल में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बना स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र अगले 48 घंटों में अवदाब और फिर गहरे अवदाब में बदलने की प्रबल संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मंगलवार से राज्य के विभिन्न हिस्सों में वर्षा और गरज के साथ मौसम सक्रिय रह सकता है। दक्षिण बंगाल के साथ पश्चिमी जिलों में भी इसका प्रभाव देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आसनसोल में सोमवार को गरज-चमक के साथ वर्षा दर्ज हुई। मंगलवार को भी वर्षा और आंधी-तूफान की संभावना है। बुधवार और शुक्रवार को भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। इससे दुर्गापूजा से पहले बाजारों, पूजा पंडालों और खुले में चल रहे निर्माण कार्यों पर मौसम का असर पड़ सकता है।
मंगलवार से बढ़ेगा वर्षा का प्रभाव
मंगलवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में भारी वर्षा की संभावना है। तटीय जिलों में मौसम अधिक सक्रिय रहने की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही तेज हवा और गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है।
बुधवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और पुरुलिया में भारी वर्षा हो सकती है। पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद सहित कुछ अन्य जिलों में भी वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है।
आसनसोल और आसपास के क्षेत्रों के लिए भी मौसम विभाग ने सतर्कता का संकेत दिया है। बुधवार को भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और तेज हवा की संभावना बताई गई है।
शुक्रवार को कई जिलों में भारी वर्षा
गुरुवार को दक्षिण 24 परगना तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में वर्षा का प्रभाव बना रह सकता है। झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा तथा उत्तर बंगाल के कुछ जिलों में भी वर्षा की संभावना है।
शुक्रवार को दक्षिण बंगाल के कई जिलों में वर्षा का प्रभाव अधिक रहने का अनुमान है। दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, बीरभूम और पश्चिम बर्दवान में भारी वर्षा हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दक्षिण बंगाल के लिए 25 सितंबर को बहुत भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार सहित कई क्षेत्रों में भी वर्षा की संभावना बनी रहेगी। शनिवार तक पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा जारी रहने का अनुमान है।
कोलकाता में भी गरज के साथ बारिश
राजधानी कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में भी अगले कई दिनों तक बादल छाए रहने तथा रुक-रुककर वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से शुक्रवार तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ वर्षा हो सकती है। कोलकाता-अलीपुर में 21 सितंबर को गरज के साथ वर्षा तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलने की चेतावनी है।
कोलकाता-हावड़ा क्षेत्र में भी मंगलवार से शुक्रवार तक वर्षा और आंधी-तूफान की संभावना दर्ज की गई है।

तटीय क्षेत्रों में तेज हवा का असर
निम्न दबाव के मजबूत होने के साथ तटीय क्षेत्रों में वर्षा के अलावा तेज हवाएं चलने की संभावना है। समुद्र से जुड़े इलाकों में लोगों और पर्यटकों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
ओडिशा के पुरी में भी इस मौसम प्रणाली का प्रभाव पड़ने की संभावना है। वहां मंगलवार से वर्षा बढ़ सकती है, जबकि बुधवार को भारी से बहुत भारी वर्षा की स्थिति बन सकती है। समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों और पर्यटकों को स्थानीय प्रशासन तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।
हालांकि, वर्तमान मौसम प्रणाली को लेकर चक्रवात बनने की कोई चेतावनी नहीं दी गई है। फिलहाल मौसम विभाग की निगाह निम्न दबाव के अगले 48 घंटों में अवदाब और गहरे अवदाब में बदलने तथा उसके आगे बढ़ने की दिशा पर बनी हुई है।















Users Today : 22
Users Yesterday : 40