

रानीगंज : वामपंथी युवा संगठन डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) की पश्चिम बर्द्धमान जिला समिति का 24वाँ द्विवार्षिक अधिवेशन रानीगंज स्थित कोयला श्रमिक भवन में आरंभ हुआ। इस महत्त्वपूर्ण सम्मेलन में जिले भर से आये लगभग 220 प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर संगठनात्मक दृष्टिकोण तथा जनहित विषयों पर गहन मंथन किया।
सम्मेलन के प्रथम दिवस की विशेषता रही राज्य सचिव श्रीमती मीनाक्षी मुखर्जी की उपस्थिति, जिन्होंने केन्द्र एवं राज्य शासन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस दोनों ही सरकारें युवाओं के भविष्य से छल कर रही हैं। रोजगार सृजन न होने की स्थिति ने राज्य में बेरोजगारी को भयावह रूप प्रदान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धार्मिक ध्रुवीकरण के माध्यम से सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न कर रही है।

साथ ही शिक्षक नियुक्ति घोटाले पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा 26 हजार नियुक्तियाँ रद्द किए जाने पर तृणमूल सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है और इसका खामियाजा आज युवा शिक्षकों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह राज्य सरकार की प्रशासनिक असफलता का परिणाम है।

इस सम्मेलन में पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया के तहत स्थानीय बेरोजगार युवाओं को औद्योगिक संस्थानों में रोजगार उपलब्ध कराना, महिलाओं की सुरक्षा, सांप्रदायिक सौहार्द्र की रक्षा और रोजगार में समान अवसर जैसे जनहितकारी मुद्दों पर प्रस्ताव पारित किए गए।

राजबाड़ी मोड़ पर आयोजित जनसभा में भी युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। और संगठन की नई जिला समिति के गठन के साथ अधिवेशन का समापन होगा। वर्तमान में पश्चिम बर्द्धमान जिले में डीवाईएफआई के 1 लाख 7 हजार सदस्य एवं 27 लोकल समितियाँ कार्यरत हैं। राज्य भर में संगठन की 670 लोकल व 22 जिला समितियाँ सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।














Users Today : 9
Users Yesterday : 26