

जामुड़िया : आसनसोल से हरिपुर जा रही एक मिनी बस रविवार को शिवपुर के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरी, जिससे बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब बस दोमोहनी होते हुए जामुड़िया की ओर बढ़ रही थी। हादसे के समय बस में दर्जनों यात्री सवार थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सौभाग्यवश किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई, परंतु घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल चालक को स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अस्पताल पहुंचाया। चालक ने बताया कि अचानक स्टेयरिंग लॉक हो जाने के कारण बस पर से नियंत्रण हट गया और यह दुर्घटना घटित हो गई।

इस हादसे के बाद एक बार फिर जामुड़िया, रानीगंज, आसनसोल और हरिपुर मार्ग पर चलने वाली मिनी बसों की फिटनेस और परिवहन विभाग की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि आरटीओ और परिवहन विभाग केवल औपचारिक जांच कर खानापूर्ति करता है, जबकि सड़क पर चलने वाले इन मिनी बसों की न तो नियमित फिटनेस जांच होती है और न ही चालकों के दस्तावेजों की ठीक से जांच की जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन घट रही दुर्घटनाएं प्रशासन की उदासीनता का नतीजा हैं। उनका यह भी कहना है कि आम नागरिकों को परेशान करने के लिए नाकेबंदी और कड़ी जांच की जाती है, परंतु सार्वजनिक परिवहन वाहनों को मनमाने ढंग से चलने दिया जाता है।

इस घटना ने प्रशासन की जिम्मेदारी और जवाबदेही को एक बार फिर कठघरे में खड़ा कर दिया है। लोगों ने मांग की है कि तत्काल मिनी बसों की फिटनेस और चालकों के दस्तावेजों की कड़ी जांच होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।














Users Today : 8
Users Yesterday : 26