

जामुड़िया : स्थानीय सबूज संघ मैदान में आयोजित कराटे ग्रेडेशन टेस्ट में कुल 82 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर व्हाइट बेल्ट से ब्राउन बेल्ट तक का प्रमोशन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जामुड़िया Kyokushin Kan कराटे ट्रेनिंग सेंटर और जामुड़िया कराटे अकादमी की ओर से संयुक्त रूप से किया गया था।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मिहिर बाग, मुकुंद बिहारी बनर्जी, फूल चांद कुमार, प्रशिक्षक तन्मय चटर्जी, पिनाकी घोष, मोहम्मद आफताब खान समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रशिक्षण ले रहे बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को प्रभावित किया।
जामुड़िया कराटे अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक तन्मय चटर्जी पिछले 20 वर्षों से कराटे की शिक्षा दे रहे हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि कराटे का प्रशिक्षण आज के समय की महत्त्वपूर्ण आवश्यकता बन चुका है। यह लड़कों और लड़कियों दोनों के लिए जरूरी है, लेकिन विशेष रूप से लड़कियों के आत्मरक्षा के लिए यह अनिवार्य होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब उन्होंने प्रशिक्षण शुरू किया था तब केवल 10 बच्चे थे, लेकिन आज जामुड़िया में 450 बच्चे नियमित रूप से कराटे का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि कराटे न सिर्फ शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है, बल्कि यह मानसिक विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी मदद करता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को कराटे जैसे प्रशिक्षण के लिए आगे बढ़ाएं।

कार्यक्रम से जुड़े आयोजक श्याम वीर बान ने बताया कि यह ग्रेडेशन टेस्ट हर साल आयोजित किया जाता है जिसमें बच्चों की योग्यता के अनुसार उन्हें नए बेल्ट प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि तन्मय चटर्जी द्वारा प्रशिक्षित कई छात्रों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर जामुड़िया का नाम रोशन किया है।

कार्यक्रम में अभिभावकों की उत्साही भागीदारी और सहयोग से यह स्पष्ट हुआ कि जामुड़िया में कराटे को लेकर जागरूकता तेजी से बढ़ रही है। इस आयोजन ने बच्चों के आत्मविश्वास को न केवल मजबूत किया बल्कि उन्हें अनुशासन, आत्मरक्षा और नेतृत्व के गुण भी सिखाए।














Users Today : 7
Users Yesterday : 28