
आसनसोल : पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (WBCHSE) बुधवार, 7 मई को उच्च माध्यमिक परीक्षा 2025 (कक्षा 12वीं) के नतीजे घोषित करेगा। परीक्षा परिणाम को लेकर विद्यार्थियों में भारी उत्सुकता और हल्की चिंता देखी जा रही है। ऐसे में बोर्ड ने छात्रों की सुविधा और पारदर्शिता के उद्देश्य से रिव्यू (पुनर्मूल्यांकन) और स्क्रूटिनी (उत्तरपुस्तिका पुन: जांच) प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी और तारीखें पहले ही जारी कर दी हैं।

बोर्ड द्वारा सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, तत्काल रिव्यू व स्क्रूटिनी के लिए आवेदन 8 मई रात 12 बजे से शुरू होंगे, जो 11 मई रात 11:59 बजे तक चलेंगे। इस प्रक्रिया में आवेदन शुल्क स्क्रूटिनी के लिए 600 रुपये और रिव्यू के लिए प्रति विषय 800 रुपये निर्धारित किया गया है।
वहीं, जो छात्र सामान्य प्रक्रिया के तहत रिव्यू या स्क्रूटिनी कराना चाहते हैं, उनके लिए आवेदन की समय-सीमा 8 मई रात 12 बजे से 22 मई रात 11:59 बजे तक रखी गई है। सामान्य स्क्रूटिनी शुल्क 150 रुपये और रिव्यू शुल्क 200 रुपये प्रति विषय निर्धारित किया गया है। रिव्यू की अनुमति अधिकतम दो विषयों तक ही दी जाएगी।

बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया केवल ऑनलाइन माध्यम से ही संपन्न होगी, और जो छात्र रिव्यू या स्क्रूटिनी के लिए आवेदन करेंगे, वे सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत आवेदन नहीं कर पाएंगे। यह निर्णय छात्रों को एक ही मंच पर निष्पक्ष प्रक्रिया मुहैया कराने और अनावश्यक भ्रम से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।

गौरतलब है कि हर वर्ष हजारों छात्र अपने परिणाम से असंतुष्ट होकर रिव्यू या स्क्रूटिनी की प्रक्रिया अपनाते हैं। पिछले वर्षों में कई बार छात्रों के अंकों में बदलाव भी हुआ है—कभी बढ़े हैं तो कभी घटे भी हैं। परिणामों को RTI के माध्यम से चुनौती देने की प्रवृत्ति बढ़ने के कारण इस वर्ष बोर्ड ने RTI पर सख्त रुख अपनाया है, जिससे पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया को अंतिम माना जाए।
बोर्ड की इस पारदर्शी पहल से विद्यार्थियों को समयबद्ध और स्पष्ट विकल्प मिलेंगे, जिससे वे नतीजों से जुड़ी किसी भी आशंका को दूर कर सकें।















Users Today : 7
Users Yesterday : 28