

आसनसोल : पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (WBCHSE) ने 7 मई, बुधवार को 12वीं कक्षा के नतीजे घोषित कर दिए। परीक्षा समाप्ति के महज 50 दिनों के भीतर परिणाम जारी कर बोर्ड ने फिर एक बार अपनी तत्परता साबित की। विद्यासागर भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दोपहर 12:30 बजे परिषद के अध्यक्ष द्वारा नतीजों की घोषणा की गई। इस वर्ष भी जिलों के छात्रों ने राजधानी कोलकाता को पीछे छोड़ते हुए मेधा सूची में प्रमुख स्थान प्राप्त किए हैं। शीर्ष 10 स्थानों में कुल 72 छात्र शामिल हैं,

जिनमें से अधिकांश जिलों से हैं। छात्रों को आज ही अपने संबंधित विद्यालयों से अंकतालिका और प्रमाणपत्र प्राप्त हो सकेंगे।उच्च माध्यमिक परीक्षा 2025 में पूर्व बर्दवान के सीएमएस हाई स्कूल के छात्र रूपायन पाल ने पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने 99.4 प्रतिशत अंक (कुल 497 अंक) प्राप्त कर सफलता की मिसाल कायम की। दूसरे स्थान पर कूचबिहार के बक्सीरहाट स्कूल के छात्र तुषार देबनाथ रहे, जिन्होंने 496 अंक (99.2 प्रतिशत) हासिल किए। तीसरे स्थान पर राजर्षि अधिकारी रहे, जिनके 495 अंक (99 प्रतिशत) उन्हें राज्य की टॉप लिस्ट में शामिल कर गए।कला संकाय में कुल 3,06,110 छात्रों ने परीक्षा दी, जिनमें 1,54,618 लड़के और 2,06,392 लड़कियाँ शामिल थीं।

इस बार भी परीक्षा परिणामों में जिलों का प्रदर्शन शानदार रहा। पूर्वी मेदिनीपुर जिले ने उत्तीर्ण प्रतिशतता के मामले में बाजी मारी, जहाँ 95.74 प्रतिशत छात्र सफल हुए। उत्तर 24 परगना दूसरे और कोलकाता तीसरे स्थान पर रहा।परिणाम दोपहर 2 बजे से ऑनलाइन पोर्टलों पर उपलब्ध हो गए, जिसमें छात्रों की मार्कशीट में क्यूआर कोड शामिल है। इसे स्कैन करके विद्यालय का नाम, छात्र के अंक और अन्य विवरण आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं।

रिव्यू और स्क्रूटिनी के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया बुधवार की मध्यरात्रि से शुरू हो जाएगी, जिसकी विस्तृत जानकारी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। परिषद ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य के लिए सतत मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।














Users Today : 7
Users Yesterday : 28