
आसनसोल : आसनसोल जिला अस्पताल के मुख्य द्वार और आस-पास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ती यातायात अव्यवस्था अब प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के लिए चिंता का विषय बन चुकी है। अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले रोगियों और उनके परिजनों को इस भीषण जाम के कारण नित नई परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए एक उच्चस्तरीय प्रशासनिक टीम ने अस्पताल परिसर और मुख्य द्वार का निरीक्षण किया। इस मौके पर आसनसोल नगर निगम के मेयर परिषद सदस्य गुरु दास उर्फ रॉकेट चट्टोपाध्याय ने जानकारी दी कि कुछ दिन पूर्व राज्य के कानून और श्रम मंत्री मलय घटक की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पोन्नम्बलम, पुलिस आयुक्त, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अस्पताल गेट और परिसर में यातायात व्यवस्था को सुधारना और अवैध कब्जों को हटाना प्राथमिकता होगी। इसी क्रम में मंगलवार को मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. युनूस खान, एसडीओ विश्वजीत भट्टाचार्य, अस्पताल अधीक्षक डॉ. निखिल चंद्र दास, ट्रैफिक डीसी पी.वी.जी. सतीश, तथा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गैरकानूनी रूप से दुकान लगाकर जगह घेरने वालों को 7 दिन के भीतर स्वयं हटने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तय समय सीमा के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डीसी ट्रैफिक ने बताया कि अस्पताल गेट के सामने और आसपास के क्षेत्रों में अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही इस क्षेत्र को यातायात मुक्त किया जाएगा। इसके लिए विशेष पार्किंग जोन बनाए जा रहे हैं, जिससे अस्पताल में आने-जाने वालों को सुगमता हो।

नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य है कि अस्पताल आने वाले मरीजों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण प्रदान किया जा सके। जल्द ही इसका प्रत्यक्ष असर दिखाई देगा, ऐसा प्रशासन का दावा है।














Users Today : 1
Users Yesterday : 28