
दुर्गापुर : दुर्गापुर के न्यू टाउनशिप थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा 5 करोड़ रुपये का लोन दिलाने के नाम पर लगभग साढ़े 6 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार रात आरोपी सजल मंडल को कांकसा बामुनाड़ा स्थित तपोवन सिटी से गिरफ्तार किया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां उसकी जमानत याचिका खारिज कर उसे चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपित सजल मंडल ने फुलझड़ के विश्वनाथ घोष, जो कि एक इलेक्ट्रिक उपकरणों के दुकानदार हैं, को खुद को फाइनेंस कंपनी का अधिकारी बताकर 5 करोड़ रुपये का लोन दिलाने का वादा किया। आरोप है कि दिसंबर 2023 में लोन प्रक्रिया शुरू करने के नाम पर 36,381 रुपये का प्रोसेसिंग शुल्क लिया गया था, और इसके बाद लगातार कई चरणों में अन्य पैसे लेकर कुल मिलाकर 6.5 लाख रुपये से अधिक की राशि आरोपित ने उनसे प्राप्त की। लेकिन अंततः लोन न मिलने पर विश्वनाथ घोष ने 26 अक्टूबर को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार किया। जब पुलिस की गाड़ी में अदालत में पेश किया जा रहा था, तो आरोपी ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसने किसी के साथ धोखाधड़ी नहीं की है, और वह झूठे आरोपों का शिकार हुआ है। उसने दावा किया कि उसने कोई पैसा नहीं लिया है, जबकि पुलिस का कहना है कि वह आरोपित से पूछताछ कर धोखाधड़ी में उपयोग किए गए पैसों की बरामदगी करेगी।
पुलिस ने इस मामले में तफ्तीश जारी रखते हुए आरोपित से आगे की जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया है।















Users Today : 12
Users Yesterday : 64