

दुर्गापुर : विधाननगर हाउसिंग कॉलोनी के आर-(2) 93 क्वार्टर में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। व्यवसायी माधव दत्त ने बताया कि उनकी दुकान विधाननगर में है, और बुधवार की सुबह उन्हें सिटी सेंटर जाना था। उनकी पत्नी भी किसी जरूरी काम से घर से बाहर थीं। दुकान से वे हेलमेट लेने के लिए घर लौटे और दरवाजे पर ताला लगाकर सिटी सेंटर चले गए।

इसी बीच चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए उनके घर का ताला तोड़ दिया और अलमारी से 50 हजार रुपये नकद तथा 4 तोला सोने के गहने चुरा ले गए। जब दत्त और उनकी पत्नी घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखी नकदी और गहने भी गायब थे।

माधव दत्त ने बताया कि सबसे पहले उनकी पत्नी घर लौटी थीं। उन्होंने देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और घर की सभी लाइटें जल रही हैं। उन्होंने दत्त को फोन कर दरवाजे का ताला खुला छोड़ने और लाइट जलती छोड़ने का कारण पूछा, जिससे वे हैरान हो गए। तुरंत घर पहुंचने पर उन्हें एहसास हुआ कि उनकी अनुपस्थिति में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
घटना की सूचना मिलने पर विधाननगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस घटना के बाद से क्षेत्र के लोग भयभीत हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।















Users Today : 38
Users Yesterday : 34