
आसनसोल : भारतीय रेलवे की टिकटिंग प्रणाली में क्रांतिकारी बदलाव लाने हेतु, पूर्व रेलवे द्वारा स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) का सफलतापूर्वक संचालन प्रारंभ किया गया है। यात्रियों के टिकट खरीदने के अनुभव को सहज, सरल एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से पूरे पूर्व रेलवे के नेटवर्क में कुल 574 एटीवीएम स्थापित किए गए हैं। इनमें से सियालदह मंडल में सर्वाधिक 293, हावड़ा मंडल में 173, आसनसोल मंडल में 76, और मालदा मंडल में 33 मशीनें लगाई गई हैं।

ये एटीवीएम यात्रियों को अनारक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, एवं सीजन टिकट नवीनीकरण जैसी सेवाएं सहजता से प्रदान करते हैं। बहुभाषी टचस्क्रीन इंटरफेस से सुसज्जित इन मशीनों द्वारा यात्री स्वयं ही अत्यंत सरलता से टिकट बुक कर सकते हैं।

डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहित करते हुए, इन मशीनों में स्मार्ट कार्ड एवं डिजिटल वॉलेट के माध्यम से भुगतान की सुविधा उपलब्ध है। स्मार्ट कार्ड धारकों को विशेष रियायत भी दी जा रही है। यह सुविधा चौबीसों घंटे उपलब्ध है और प्रमुख स्टेशनों पर इन्हें ऐसी जगह स्थापित किया गया है, जहां से पारंपरिक टिकट खिड़कियों पर होने वाली भीड़ को कम किया जा सके।

यात्रियों ने इस नई पहल को हर्षोल्लास से स्वीकार किया है और इस अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करने के प्रति उत्साह व्यक्त किया है। प्रथम बार उपयोगकर्ताओं की सहायता हेतु पूर्व रेलवे द्वारा ग्राहक सुविधा एजेंट नियुक्त किए गए हैं, जो यात्रियों को एटीवीएम के उपयोग में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। यह पहल न केवल यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित कर रही है।
574 एटीवीएम की सफल स्थापना के साथ, पूर्व रेलवे ने तकनीकी दक्षता एवं आधुनिकता के समन्वय से टिकिटिंग प्रणाली में अभूतपूर्व सुधार किया है। यह प्रयास भारतीय रेलवे को डिजिटल युग में सशक्त बनाते हुए यात्री सेवाओं के स्तर को नई ऊंचाई पर ले जाने का संकेत देता है।















Users Today : 62
Users Yesterday : 34