

आसनसोल : कार्यस्थल पर चोरी का झूठा आरोप लगने से आहत होकर 16 वर्षीय किशोर ने आत्महत्या कर ली। मृतक अभिरूप प्रसाद, अंडाल थाना क्षेत्र के बाबुईशोल कॉलोनी का निवासी था और पिछले ढाई वर्षों से रानीगंज थाना अंतर्गत बंसराय स्थित एक निजी कंपनी के गोदाम में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। किशोर का शव घर में फंदे से झूलता पाया गया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने गोदाम प्रबंधक रवींद्र सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि चोरी का झूठा आरोप लगाने के कारण किशोर मानसिक अवसाद में चला गया था।बताया जाता है कि रात गोदाम में कार्यरत दो मजदूरों के मोबाइल फोन चोरी हो गए थे। प्रबंधक ने इस चोरी का आरोप किशोर अभिरूप पर लगाया और अगले दिन किशोर को घर भेज दिया। इसके बाद प्रबंधक ने किशोर की मां को फोन कर घटना की जानकारी दी।

आरोपों से आहत किशोर मानसिक तनाव में चला गया और शुक्रवार को आत्महत्या कर ली। मृतक के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में हुआ। इसके बाद परिजनों ने शव को लेकर गोदाम परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। घटनास्थल पर पहुंचे तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय पार्षद ज्योति सिंह ने कहा कि प्रबंधक ने चोरी का आरोप लगाने के बावजूद कोई ठोस सबूत नहीं दिया।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि 16 वर्षीय किशोर से कैसे ढाई वर्षों से सुरक्षा गार्ड का कार्य कराया जा रहा था। कंपनी ने मृतक के परिजनों को 8 लाख रुपये मुआवजा, अंतिम संस्कार हेतु 40 हजार रुपये और एक अन्य कार्य की पेशकश की। रात करीब आठ बजे परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का कहना है कि दोषी प्रबंधक पर कड़ी कार्रवाई की जाए। कंपनी ने घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है।















Users Today : 0
Users Yesterday : 64