
आसनसोल : तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए आसनसोल दक्षिण की विधायक और भाजपा की राज्य नेत्री अग्निमित्रा पॉल ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों को लेकर ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पूरी तरह चुप है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा, “ममता बनर्जी में यह साहस नहीं है कि वे बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों की निंदा कर सकें। उनकी सरकार हमेशा हिंदुओं के प्रति उदासीन रही है, क्योंकि जो लोग इन हमलों को अंजाम दे रहे हैं, वही उनका वोट बैंक हैं।”

अग्निमित्रा ने सवाल उठाया कि हिंदुओं पर हो रहे इन अत्याचारों के विरोध में ममता बनर्जी ने कोई मार्च क्यों नहीं निकाला। उन्होंने कहा कि यदि ममता बनर्जी सभी धर्मों का सम्मान करती हैं, तो उन्हें समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का समर्थन करना चाहिए। लेकिन उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के चलते ममता बनर्जी कभी भी यूसीसी का समर्थन नहीं करेंगी।

भाजपा नेत्री ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस की यह चुप्पी और तुष्टीकरण की नीति राज्य की जनता के लिए अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा, “बंगाल की जनता इस राजनीति का सही समय पर करारा जवाब देगी। भाजपा हमेशा परंपरागत हिंदुओं की सुरक्षा के लिए खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी।”
अग्निमित्रा ने अपनी बात समाप्त करते हुए ममता सरकार को हिंदुओं की उपेक्षा और वोट बैंक की राजनीति के खिलाफ चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यह राजनीति अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली है।















Users Today : 0
Users Yesterday : 64