
दुर्गापुर : शहर में ऑटो चालकों ने अवैध टोटो चालकों की बढ़ती समस्या और प्रशासन की निष्क्रियता के विरोध में उग्र प्रदर्शन किया। दुर्गापुर के डीवीसी मोड़ से महकमा शासक कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला गया, जिसके उपरांत एसडीएम कार्यालय के समक्ष सड़क पर बैठकर धरना दिया गया।
ऑटो चालकों का आरोप है कि ऑटो स्टैंड के समीप अवैध रूप से टोटो स्टैंड बनाए जा रहे हैं, जिससे उनकी आजीविका पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन को कई बार सूचित करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

प्रदर्शन के दौरान ऑटो चालकों का एक पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपने पहुंचा। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता, तो वे व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अवैध टोटो स्टैंड के कारण न केवल उनकी आय प्रभावित हो रही है, बल्कि यातायात व्यवस्था भी अस्त-व्यस्त हो रही है। ऑटो चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध टोटो चालकों और स्टैंडों पर तत्काल रोक लगाई जाए और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जाए।

इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों ऑटो चालक शामिल हुए, जो अपनी आजीविका की रक्षा के लिए संगठित होकर आवाज बुलंद कर रहे थे। आंदोलनकारियों ने प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो यह प्रदर्शन और उग्र रूप ले सकता है।















Users Today : 2
Users Yesterday : 64