
आसनसोल : यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंडियन रेलवे ने गैर-आरक्षित सीटों की बुकिंग के लिए आधुनिक तकनीक से युक्त यूटीएस ऑन मोबाइल ऐप की शुरुआत की है। सोमवार को इस ऐप के उपयोग और महत्व को लेकर आसनसोल नगर निगम में एक प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, डिप्टी मेयर वसीमुल हक, और नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

इस दौरान अधिकारियों ने ऐप की विशेषताओं और इसके उपयोग के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि यात्री अब बिना लाइन में खड़े, अपने मोबाइल से अनारक्षित यात्रा टिकट, प्लेटफार्म टिकट और मासिक सीजन टिकट आसानी से बुक कर सकते हैं। ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।यात्री स्टेशन परिसर से 50 मीटर की दूरी पर रहते हुए टिकट बुक कर सकते हैं। यह सुविधा दो प्रकार की बुकिंग प्रदान करती है – पेपरलेस और पेपर टिकट। पेपर टिकट काउंटर से प्राप्त किया जा सकता है, जबकि पेपरलेस टिकट मोबाइल पर ही उपलब्ध होगा।

प्लेटफार्म टिकट और मासिक सीजन टिकट भी इस ऐप के माध्यम से बुक किए जा सकते हैं। इस मौके पर चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने इसे यात्रियों के समय और ऊर्जा की बचत करने वाली एक बेहतरीन पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह ऐप सामान्य श्रेणी के यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर लंबी कतारों में खड़े होने की परेशानी से मुक्ति दिलाएगा। रेलवे की यह डिजिटल पहल न केवल यात्रियों की सुविधा में वृद्धि करेगी, बल्कि डिजिटल इंडिया अभियान को भी प्रोत्साहित करेगी।















Users Today : 4
Users Yesterday : 64