आसनसोल : औद्योगिक क्षेत्र की राजनीति में एक नई हलचल उस समय मच गई जब जामुड़िया में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान कोयला तस्करी के आरोपी शेख सादरुद्दीन ने तृणमूल कांग्रेस के नेता और पश्चिम बर्दवान जिला परिषद के सभापति विश्वनाथ बाउरी को फूलों का गुलदस्ता और उत्तरिया भेंटकर सम्मानित किया। यह घटना कैमरे में कैद होने के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे विपक्ष को सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधने का मौका मिल गया।

शेख सादरुद्दीन कोयला तस्करी मामले में सीबीआई जांच का सामना कर रहे हैं और नियमित रूप से सीबीआई कोर्ट में पेश होते हैं। उन्हें मंगलवार को आसनसोल सीबीआई कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया गया है। कांग्रेस नेता प्रसनजीत पुइतुण्डी ने कहा, “यह घटना साबित करती है कि तृणमूल कांग्रेस और अपराधियों के बीच गहरा संबंध है। अब चोरों के पैसे से सामूहिक विवाह और कंबल वितरण हो रहा है।” वहीं, भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने इस घटना को तृणमूल नेताओं और कोयला माफियाओं के गठजोड़ का प्रमाण बताते हुए सीबीआई से गहन जांच की मांग की। तृणमूल के राज्य उपाध्यक्ष वी. शिवदासन दासु ने इस मामले पर अनभिज्ञता जताई और विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा, “विपक्ष सिर्फ आलोचना करता है, अच्छे कामों की प्रशंसा करना उन्हें नहीं आता।”

इस विवादास्पद घटना ने तृणमूल कांग्रेस की छवि पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष का कहना है कि तृणमूल के नेता और कोयला माफियाओं के बीच संबंध उजागर हो चुके हैं। वहीं, तृणमूल इसे केवल विपक्ष की सियासी चाल बता रही है। इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्र की राजनीति में एक नई बहस को जन्म दे दिया है।















Users Today : 8
Users Yesterday : 64