
आसनसोल : आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुधारने के उद्देश्य से नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय के कार्यालय कक्ष में एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मेयर बिधान उपाध्याय, कमिश्नर राजू मिश्रा, एडीएम, एसडीओ, पीएचई विभाग के अधिकारी, बोरो चेयरमैन तथा नगर निगम के जल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में नगर निगम क्षेत्र में जल आपूर्ति के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस संदर्भ में जानकारी देते हुए मेयर बिधान उपाध्याय ने बताया कि बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि जिन क्षेत्रों में पीएचई विभाग की पाइपलाइन पहले से स्थापित है, वहां पर फिलहाल जल आपूर्ति पीएचई विभाग द्वारा की जाएगी। वहीं, जिन क्षेत्रों में आसनसोल नगर निगम द्वारा जल आपूर्ति की जा रही है, वहां यह व्यवस्था जारी रहेगी। इसके अलावा, जिन क्षेत्रों में जल आपूर्ति की व्यवस्था अब तक स्थापित नहीं हो सकी है, वहां पर अस्थायी रूप से पीएचई विभाग द्वारा जल आपूर्ति की जाएगी।

मेयर उपाध्याय ने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम द्वारा अमृत योजना के तहत पूरे नगर निगम क्षेत्र में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। इस योजना के तहत पाइपलाइन के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, और जैसे ही यह कार्य पूर्ण होंगे, नगर निगम की ओर से पूरी क्षेत्र में जल आपूर्ति की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस बैठक में जल आपूर्ति की स्थिति को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनसे नगर निगम क्षेत्र में जल संकट की समस्या का समाधान शीघ्रता से किया जा सकेगा।















Users Today : 12
Users Yesterday : 64