
दुर्गापुर : दुर्गापुर नगर निगम के 28 नंबर वार्ड स्थित नामो सगरभांगा जय बालाजी ग्रुप की चौथी यूनिट के गेट के सामने सोमवार को सीटू श्रमिक संगठन द्वारा बेरोजगार युवकों के रोजगार, पीएफ, ईएसआई और श्रमिकों की सुरक्षा सहित कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सीटू समर्थक शामिल हुए, जो पार्टी के झंडे लहराते हुए कारखाना प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।
प्रदर्शनकारियों ने कारखाना प्रबंधन से स्थानीय युवाओं को रोजगार देने, श्रमिकों के लिए समय पर पीएफ, ईएसआई और ग्रेच्युटी सुनिश्चित करने, तथा श्रमिक सुरक्षा को प्राथमिकता देने की मांग की। कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा की भी कड़ी आलोचना की गई, वहीं बाहरी श्रमिकों की बजाय स्थानीय योग्य युवकों को रोजगार देने का भी जोरदार समर्थन किया गया।

करीब तीन घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद सीटू नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो वे और भी उग्र आंदोलन करेंगे। इस मौके पर जिला सीटू के संयुक्त सचिव सिद्धार्थ बोस ने आरोप लगाया कि कारखाना प्रबंधन द्वारा स्थानीय युवाओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है और उन्हें उचित श्रमिक सुविधाएं प्रदान नहीं की जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस और कारखाना प्रबंधन के सांठगांठ से बाहरी श्रमिकों को नियुक्त किया जा रहा है, जबकि स्थानीय युवकों की अनदेखी की जा रही है।

सिद्धार्थ बोस ने आगे कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। उनका कहना था कि जब तक श्रमिकों के अधिकारों को नहीं माना जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।















Users Today : 12
Users Yesterday : 64