
आसनसोल : हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली भव्य परेड में देश भर के विभिन्न राज्यों और विश्वविद्यालयों के प्रतिभागी हिस्सा लेते हैं। इस बार आसनसोल के विधान चंद्र राय कॉलेज की एनएसएस (नेशनल सर्विस स्कीम) वालंटियर रानी कर्मकार को इस प्रतिष्ठित परेड में शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ है। उनका चयन इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में कर्तव्य पथ पर मार्च करने के लिए हुआ है, जो कि एक विशेष उपलब्धि मानी जा रही है।
बीसी राय कॉलेज की हेड ऑफ द डिपार्टमेंट डॉक्टर बर्नाली प्रमाणिक ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह कॉलेज के लिए एक गर्व का विषय है कि रानी कर्मकार नेशनल सर्विस स्कीम के वालंटियर के रूप में गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने के लिए चुनी गई हैं। उन्होंने बताया कि रानी का चयन एक कड़ी और प्रतिस्पर्धात्मक प्रक्रिया के माध्यम से हुआ है। पहले विश्वविद्यालय स्तर पर उनका चयन हुआ और इसके बाद काजी नजरूल विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए वह बंगाल स्तर पर चयन प्रक्रिया में भाग लीं। इस प्रक्रिया में रानी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और सात अन्य एनएसएस वालंटियरों के साथ बंगाल का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुनी गईं।

डॉक्टर बर्नाली प्रमाणिक ने आगे बताया कि असम के गुवाहाटी में आयोजित इस चुनाव प्रक्रिया में रानी कर्मकार के साथ चार छात्राएं और तीन छात्र भी शामिल थे, जिनमें से रानी आसनसोल के विधान चंद्र राय कॉलेज की एकमात्र प्रतिनिधि थीं। उनका चयन इस बात का प्रमाण है कि हमारे कॉलेज के छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से उत्कृष्टता प्राप्त कर रहे हैं।

गणतंत्र दिवस परेड हर साल भारत सरकार के युवा मामलों और खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित की जाती है, जिसमें देशभर के एनएसएस वालंटियर और विभिन्न राज्यों के प्रतिभागी सम्मिलित होते हैं। यह परेड न केवल राष्ट्रीय एकता और समृद्धि का प्रतीक है, बल्कि यह युवाओं को देश सेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्य का अहसास भी कराती है।
रानी कर्मकार का इस परेड में भाग लेने का अवसर आसनसोल के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि यह ना केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण और मेहनत का परिणाम है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। उनका चयन यह साबित करता है कि आसनसोल के युवा किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने की क्षमता रखते हैं। रानी कर्मकार ने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है, और अब वह गणतंत्र दिवस परेड में आसनसोल का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।















Users Today : 13
Users Yesterday : 64