
आसनसोल : स्कूल से घर लौट रहे आठवीं कक्षा के छात्र नवीन लाहा (14) पर जानलेवा हमला करने की घटना ने रूपनारायणपुर क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। घटना सालानपुर थानांतर्गत रूपनारायणपुर चौकी इलाके में हुई। आरोप है कि चार बदमाशों ने छात्र को पकड़कर पीटा और रेलवे लाइन की ओर घसीटते हुए ले जाने लगे।
घटना के दौरान बदमाशों ने छात्र के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई। लेकिन जैसे ही स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर बदमाशों को देखा, वे भागने की कोशिश करने लगे। इस बीच, इलाके के लोगों ने चार में से दो बदमाशों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य दो बदमाश भागने में सफल रहे।

पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि यह हमला उनके बेटे को जान से मारने के इरादे से किया गया। उन्होंने कहा, “हमें समझ नहीं आ रहा कि मेरे बेटे के साथ ऐसा क्यों किया गया। यह स्पष्ट रूप से हत्या की कोशिश थी।”
घटना के बाद सालानपुर थाने में इस मामले को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार बदमाशों की तलाश जारी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के समय रेलवे लाइन के पास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे, जिसकी वजह से बदमाशों को भागने में मुश्किल हुई। उनकी सतर्कता के कारण ही दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया जा सका।
इस घटना ने इलाके के लोगों में गहरी चिंता पैदा कर दी है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिजनों में भय का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















Users Today : 13
Users Yesterday : 64