
आसनसोल : कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर फाड़ी के सीतारामपुर टैगोर फुटबॉल मैदान और आसपास का क्षेत्र, जो कभी खेल-कूद के लिए प्रसिद्ध था, आज जुआ-सट्टा और नशे का अड्डा बन गया है। यह जानकारी कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता एवं समाजसेवी टिंकू वर्मा ने दी। उन्होंने इस पर चिंता जताते हुए कहा कि यह क्षेत्र, जो कभी फुटबॉल, क्रिकेट और वॉलीबॉल जैसे खेलों के लिए जाना जाता था, अब जुआ-सट्टा और नशाखोरी का पर्याय बन गया है।
श्री वर्मा ने बताया कि सीतारामपुर न्यू कॉलोनी के पास खुलेआम जुआ खेला जा रहा है। यह सब नियामतपुर पुलिस की पेट्रोलिंग के बावजूद जारी है। उन्होंने कहा कि लच्छीपुर रेड लाइट क्षेत्र में हर रात लाखों रुपये का जुआ खेला जाता है। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इस अवैध गतिविधि पर रोक नहीं लग पा रही है।

श्री वर्मा ने कहा कि जुआ और नशा, खासकर लच्छीपुर रेड लाइट क्षेत्र से शुरू होकर पूरे क्षेत्र में फैल चुका है। यह युवा पीढ़ी को पतन की ओर धकेल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन सक्रियता से कार्य करे और समाजसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर युवाओं को खेल-कूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करे, तो इस स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
एक स्थानीय समाजसेवी संस्था ने इस समस्या के समाधान के लिए पुलिस से लिखित शिकायत की थी, जिसके तहत लच्छीपुर क्षेत्र में शाम से सुबह तक पुलिस व्यवस्था की मांग की गई थी। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अवैध गतिविधियां रुकने का नाम नहीं ले रहीं।

श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बालू, कोयला और जमीन माफिया जैसे मुद्दों पर प्रशंसनीय कार्रवाई की है। इसी तरह, पुलिस को जुआ और नशे के अड्डों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने युवाओं को सही मार्गदर्शन देने और खेल-कूद को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।















Users Today : 15
Users Yesterday : 31