

जामुड़िया : जामुड़िया थाना क्षेत्र स्थित श्रीपुर पुलिस फाड़ी क्षेत्र अंतर्गत 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के चांदा मोड़ पर एक यात्री बस ने बाइक सवार को कुचल दिया। इस दुर्घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद गुस्साए स्थानीय निवासियों ने 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया।

स्थानीय लोगों ने पुलिस के समक्ष इस दुर्घटना को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और शव को उठाने में पुलिस को बाधा डालने का प्रयास भी किया। घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई, और लोग दोषी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक सवार व्यक्ति आसनसोल से दुर्गापुर की ओर जा रहा था, तभी एक यात्री बस ने उसे चांदा मोड़ पर कुचल दिया। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है, और पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की और लगभग आधे घंटे तक 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस मार्ग पर कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, खासकर चांदा मोड़ पर जहां चारों ओर सड़कें जुड़ी हुई हैं, जिससे एक रास्ते से दूसरे रास्ते पर वाहन अचानक घुस जाते हैं और दुर्घटनाएं होती हैं।
पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि वे इस घटना की जांच करेंगे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।















Users Today : 15
Users Yesterday : 31