
आसनसोल : दयानंद विद्यालय (हायर सेकेंडरी) के सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक बासुदेव नारायण सिंह के शतायु पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उनके परिजनों ने भव्य सांस्कृतिक मिलन समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में शिल्पांचल के गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों और समाजसेवियों ने अपनी उपस्थिति से आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
समारोह में पेंशनर एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत उपाध्याय, आस्था के अध्यक्ष नरेश अग्रवाल, संरक्षक अशोक अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष मनोहर लाल पटेल, संयोजक नवीन चंद्र सिंह, हावड़ा हिंदी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. दामोदर मिश्र, कवि दिनेश गुप्ता गर्ग, हास्य कवि पवन बांके बिहारी, और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. कृष्ण कुमार श्रीवास्तव समेत कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन नवीन चंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर “आस्था” संस्था द्वारा श्री सिंह को शॉल, डायरी, कलम, और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने श्री सिंह के शिक्षण और समाजसेवा के प्रति उनके योगदान को सराहा।
परिजनों में उनके पुत्र सुरेंद्र, वीरेंद्र, नरेंद्र, पौत्र अभिषेक और प्रणव समेत परिवार के सभी सदस्य उत्साहित और भावुक नजर आए। श्री सिंह की देखभाल में निरंतर तत्पर अभिषेक और प्रणव की विशेष रूप से प्रशंसा की गई।

कार्यक्रम में शतायु श्री सिंह के शैक्षणिक जीवन, सामाजिक योगदान और उनके प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व की झलक प्रस्तुत की गई। उपस्थित साहित्यकारों और कवियों ने श्री सिंह की उपलब्धियों को समर्पित रचनाओं का वाचन किया। यह आयोजन न केवल एक परिवार के गौरव का प्रतीक था, बल्कि शिल्पांचल की सांस्कृतिक धरोहर को भी अभिव्यक्त करता रहा।
इस भव्य आयोजन ने क्षेत्र में प्रेरणा और आदर का वातावरण स्थापित किया। श्री सिंह को उनके शतायु होने पर सादर नमन।















Users Today : 2
Users Yesterday : 14