
आसनसोल : बाराबनी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी की एक बड़ी घटना के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित को ₹4.12 लाख की राशि वापस लौटाई। घटना सितंबर माह की है, जब बाराबनी थाना क्षेत्र के निवासी मनसा रूज के खाते से साइबर अपराधियों ने बीमा के नाम पर ठगी कर ₹5.40 लाख उड़ा लिए थे।
पीड़ित ने बताया कि उन्हें मोबाइल पर बीमा करवाने से जुड़ा एक लिंक प्राप्त हुआ था। लिंक पर क्लिक करते ही उनके मोबाइल पर ओटीपी आया और तुरंत एक कॉल आई। कॉल पर बात करने वाले ने ओटीपी मांगा, जिसे साझा करते ही उनके खाते से ₹5.40 लाख की बड़ी धनराशि गायब हो गई। ठगी के बाद पीड़ित ने सितंबर में बाराबनी थाने के साइबर क्राइम शाखा में शिकायत दर्ज कराई।

बाराबनी थानाध्यक्ष दिव्येंदु मुखर्जी के नेतृत्व में साइबर क्राइम विभाग के सुदीप मुखर्जी और उनकी टीम ने मामले की जांच शुरू की। कड़ी मेहनत और साइबर तकनीकों के सहारे ₹4.12 लाख की राशि को बरामद कर लिया गया। इस राशि को जनवरी के दूसरे सप्ताह में पीड़ित को लौटाया गया। थानाध्यक्ष दिव्येंदु मुखर्जी ने चेक सौंपते हुए पीड़ित को जागरूकता और सतर्कता बरतने की सलाह दी।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम पर विभिन्न संगठनों के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर लोगों को ठगा जा रहा है। थानाध्यक्ष ने कहा कि समय पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी की गई राशि वापस मिलने की संभावना अधिक रहती है।
साइबर अपराध विभाग की सफलता पर स्थानीय लोगों ने सराहना की और पुलिस से ठगी रोकने के लिए और अधिक कदम उठाने की अपील की।















Users Today : 4
Users Yesterday : 14