
दुर्गापुर : पाँच साल की आयु में जहाँ बच्चे चलना और बोलना सीखते हैं, वहीं दुर्गापुर की नन्हीं श्रेया गराई ने अपने अद्भुत कौशल से राष्ट्रीय स्तर पर मिसाल पेश की है। श्रेया ने इंदौर में आयोजित जूनियर मिस इंडिया प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर दुर्गापुर का नाम रोशन किया है।
श्रेया गराई बिधाननगर निवासी अभिजीत गराई और पोम्पी गराई की इकलौती पुत्री हैं। इंदौर के एक प्रतिष्ठित होटल में 3 से 5 जनवरी तक चली इस प्रतियोगिता के फाइनल में श्रेया सबसे कम उम्र की रनर-अप बनीं। प्रतियोगिता में भारत के 25 राज्यों और 40 शहरों में हुए ऑडिशन के बाद पाँच से सात वर्ष की आयु वर्ग के कुल 30 बच्चों का चयन हुआ। इन प्रतिभागियों में दुर्गापुर की श्रेया ने अपने आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत से विशेष पहचान बनाई।

प्रथम कक्षा की छात्रा श्रेया ने रैंप वॉक में अपनी प्रतिभा और नन्हे कदमों से निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। उनकी इस सफलता ने न केवल उनके माता-पिता को गर्वित किया है, बल्कि दुर्गापुरवासियों के लिए भी हर्ष का अवसर प्रदान किया है।

श्रेया के पिता अभिजीत गराई ने अपनी बेटी की इस उपलब्धि को अभूतपूर्व बताया और कहा कि श्रेया की मेहनत और समर्पण ही उसकी सफलता का आधार है। श्रेया ने यह सिद्ध कर दिया है कि उम्र चाहे कितनी भी छोटी हो, अगर आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प हो तो कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।















Users Today : 4
Users Yesterday : 14