
बांकुड़ा : पुलिस ने बारातियों की बस और एक ट्रक को लूटने के मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के दो मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह घटना 30 नवंबर की रात ढेंगाशोल जंगल क्षेत्र में हुई थी, जब बदमाशों ने सड़क पर पेड़ गिराकर वाहनों को रोका और यात्रियों को हथियार दिखाकर लूटपाट की। पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में छापा मारकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आईसुर मल्लिक उर्फ एडम और जहुर मंडल उर्फ जलील के रूप में हुई है। ये दोनों गढ़बेता थाना क्षेत्र के निवासी हैं। घटना के बाद ये आरोपी राज्य से फरार होकर तेलंगाना में छिपे हुए थे। पुलिस ने स्थानीय तेलंगाना पुलिस की मदद से 8 जनवरी को कोकापेट इलाके में छापा मारा और दोनों आरोपियों को उनके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।

30 नवंबर की रात बदमाशों ने सड़क पर पेड़ गिराकर बारातियों की बस और एक ट्रक को रोका। हथियारों के बल पर यात्रियों से नकदी, गहने और अन्य सामान लूट लिए गए। पुलिस ने घटना के बाद से ही जांच शुरू की और स्थानीय मोबाइल टावर लोकेशन रिकॉर्ड और गुप्त सूत्रों की मदद से आरोपियों का सुराग जुटाया।
पुलिस पहले ही इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। इनसे पूछताछ के दौरान पुलिस को आईसुर और जलील के बारे में जानकारी मिली। तकनीकी जांच में दोनों के तेलंगाना में छिपे होने का पता चला। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने इनकी गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन चलाया।

दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर सोमवार को बांकुड़ा लाया गया। जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मकसूद हसन ने बताया कि पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेने के लिए अदालत में अर्जी दाखिल करेगी। पूछताछ के दौरान लूटे गए सामान की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिलने की संभावना है।
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है, और उम्मीद है कि इस मामले से जुड़े अन्य अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।















Users Today : 4
Users Yesterday : 14