
कुल्टी : आसनसोल के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चीनाकुड़ी-2 और 3 कोलियरियों में स्थानीय युवाओं की नियुक्ति सहित अन्य मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को एक बार फिर स्थानीय ग्राम समिति के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने सुदामपुर क्षेत्रीय कार्यालय में डिप्टीशन सौंपते हुए दस सूत्रीय मांगों को जोरदार ढंग से उठाया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निजी कोयला खनन कंपनियां बाहरी श्रमिकों को लाकर कार्य करवा रही हैं, जबकि क्षेत्र के बेरोजगार युवा लंबे समय से रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उनका कहना है कि स्थानीय युवाओं की उपेक्षा अस्वीकार्य है और खनन कंपनियों को प्राथमिकता के आधार पर उन्हें नियुक्त करना चाहिए।

इसके अतिरिक्त प्रदर्शनकारियों ने कोयला खनन से उत्पन्न समस्याओं पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि खदानों से कोयला उत्खनन के कारण आसपास के इलाकों में मकानों और जमीनों को भारी नुकसान हो रहा है। इस क्षति के लिए खनन कंपनियों को जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

ग्राम समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि स्थानीय बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को हल करने और खनन से होने वाले पर्यावरणीय और सामाजिक दुष्प्रभावों को रोकने के लिए वे लगातार संघर्षरत हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें शीघ्र पूरी नहीं की गईं, तो वे अपना आंदोलन और उग्र करेंगे।
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों ने प्रतिनिधियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुनने का आश्वासन दिया। बावजूद इसके, प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया कि अगर जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो यह आंदोलन बड़े स्तर पर किया जाएगा।















Users Today : 5
Users Yesterday : 14