
दुर्गापुर : विधाननगर क्षेत्र में साइबर धोखाधड़ी और मोबाइल चोरी की घटनाओं में पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। न्यू टाउनशिप थाना द्वारा आयोजित ‘फिरे पावा’ कार्यक्रम में बरामद मोबाइल फोन और साइबर धोखाधड़ी से गवांई गई धनराशि संबंधित मालिकों को लौटाई गई। इस कार्यक्रम में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी (दुर्गापुर) सुबीर रॉय, सर्कल इंस्पेक्टर रणबीर बाग, न्यू टाउनशिप थाना प्रभारी नसरीन सुल्ताना सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गहन जांच के माध्यम से विभिन्न स्थानों से 14 चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त, साइबर धोखाधड़ी के मामलों में गंवाए गए ₹35,000 और ₹20,000 की धनराशि भी वापस लौटाई गई। जिन व्यक्तियों के मोबाइल फोन और धन बरामद हुए, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

कार्यक्रम के दौरान, भोलानाथ साहा नामक एक वृद्ध नागरिक, जिनका मोबाइल चोरी हुआ था, अत्यंत भावुक हो उठे। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री द्वारा उपहार स्वरूप दिया गया मोबाइल उनके लिए बेहद प्रिय था। मोबाइल चोरी हो जाने से वे अत्यधिक व्यथित थे, किंतु इसे वापस पाकर उनकी प्रसन्नता का पारावार नहीं रहा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।

एसीपी सुबीर रॉय ने बताया कि चोरी गए मोबाइल और साइबर धोखाधड़ी के मामलों में पुलिस की सक्रियता ने न केवल दोषियों तक पहुंच बनाई, बल्कि बरामदगी भी सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि कुछ मोबाइल छह महीने, एक वर्ष अथवा दो वर्ष पूर्व चोरी हुए थे, किंतु पुलिस की सतर्कता और संकल्प से उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाया जा सका।
इस आयोजन ने पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और प्रबल किया है। चोरी की गई वस्तुएं और खोई हुई धनराशि मिलने से पीड़ितों को राहत मिली है और पुलिस की संवेदनशीलता पर भरोसा सुदृढ़ हुआ है।















Users Today : 5
Users Yesterday : 14