

आसनसोल : भारत के 76वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को आसनसोल नगर निगम कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण का आयोजन किया गया। इसके साथ ही निगम कार्यालय के गेट के समीप स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय, उपमहापौर वसीम उल हक सहित अन्य पदाधिकारी, अधिकारीगण एवं निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे। राष्ट्रगान गाकर इस ऐतिहासिक दिन की गरिमा को सलामी दी गई।

मेयर विधान उपाध्याय ने अपने संबोधन में संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं ने हमें एक सशक्त और आदर्श संविधान प्रदान किया है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस संविधान की रक्षा करें और इसे अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि देश तभी प्रगति करेगा जब हम संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों का पालन करेंगे।

उपमहापौर वसीम उल हक ने अपने वक्तव्य में कहा कि गणतंत्र दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का दिन है। उन्होंने कहा कि यह दिन सिर्फ ध्वजारोहण और राष्ट्रगान तक सीमित नहीं होना चाहिए। हमें संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों का सम्मान करते हुए अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए। उन्होंने नागरिकों को अपने दायित्वों के प्रति सजग और समर्पित रहने का संदेश दिया।
समारोह में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और कर्मचारियों ने देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। नगर निगम परिसर देशभक्ति के भाव और उल्लास से सराबोर रहा।















Users Today : 12
Users Yesterday : 14